गम्हरिया स्थित अर्का जैन यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को दो दिवसीय टेक्निका 6.0 का शुभारंभ हुआ। 'अविन्या: अचीविंग हार्मनी थ्रू इनोवेशन' थीम पर आयोजित इस महोत्सव में देशभर के 150 से अधिक संस्थानों के 5000 विद्यार्थी 45 से ज्यादा स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में रोबो वॉर्स, रोबो रेस, एआई क्विजाथान, हार्डवेयर प्रोटोटाइप और प्रोजेक्ट मॉडल प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनमें बीआईटी मेसरा, एमिटी, आईसीएफएआई, अल-कबीर पॉलिटेक्निक और आईडीटीआर के छात्र चुनौती पेश कर रहे हैं।

छात्रों के नवाचार को बाजार तक पहुंचाने के उद्देश्य से परिसर में डॉ. रायचंद चेनराज सेंटर ऑफ इनोवेशन, स्टार्टअप एंड एंटरप्रेन्योरशिप की शुरुआत की गई। शैक्षणिक शोध और तकनीकी आदान-प्रदान के लिए कोलकाता के बीपी पोद्दार इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। आयोजन में टाटा मोटर्स, एलएंडटी, आरएसबी ट्रांसमिशन, रामकृष्ण फोर्जिंग्स और आईबीएम जैसे उद्योग समूह भी जुड़े हैं।

उद्घाटन के अवसर पर टाटा मोटर्स के प्रशांत मेहता और निलंजना मोहंती, आईडीटीआर के रविंद्र कुमार, वारिस एस इमाम, डॉ. हिमांशु शेखर मिश्रा, नवीन शर्मा, डॉ. नीरज प्रियदर्शी, डॉ. नंदिता सान्याल, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. अंगद तिवारी, डॉ. एसएस रजी, डॉ. अमित श्रीवास्तव, डॉ. अरविंद कुमार पांडेय और संयोजक डॉ. अश्विनी कुमार मौजूद रहे।

महोत्सव का समापन शनिवार 21 नवंबर की शाम साढ़े छह बजे बालीवुड गायिका अकासा की स्टार नाइट के साथ होगा।