झारखंड को बिहार, बंगाल और ओडिशा से जोड़ने वाले पांच राष्ट्रीय राजमार्ग अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के जिम्मे आ गए हैं। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग 20, 139, 522, 114ए और 22 शामिल हैं। अब तक इन सड़कों की देखरेख राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल करता रहा है। एनएचएआई के क्षेत्रीय पदाधिकारी संतोष कुमार आर्य के अनुसार, योजना के अनुरूप काम हुआ तो अगले दो से तीन सालों में राज्य के कई हिस्सों में फोरलेन सड़कों का जाल बिछ जाएगा और आवागमन सुगम होगा। सभी सड़कों की वर्तमान स्थिति समेत कई पहलुओं का निकट भविष्य में जमीनी अध्ययन किया जाएगा, जिसके बाद इन्हें जनोपयोगी बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ाया जाएगा।
एनएच 20 पर रांची से जैंतगढ़ का हिस्सा एनएचएआई को मिला है। तुपुदाना से कुंडीवारटोली तक फोरलेन बनाया जाना है, जबकि चाईबासा शहर में पुतिदा से रघुनाथपुर तक 18 किमी लंबा फोरलेन बाईपास बनेगा। चाईबासा से जैंतगढ़ तक सड़क को फोरलेन किया जाएगा। रांची से चक्रधरपुर के बीच बंदगांव घाटी समेत कई जगहों पर सड़क संकरी और घुमावदार है; इसे सीधा करने के लिए पहले अध्ययन होगा। वहीं, 310 किमी लंबे एनएच 114ए का 290 किमी हिस्सा झारखंड में है। देवघर से बासुकीनाथ तक फोरलेन पहले ही बन चुका है और अब दुमका से बासुकीनाथ तक फोरलेन के लिए जमीन अधिग्रहण समेत अन्य कार्य प्रगति पर है। देवघर से डुमरी तक 100 किमी में 2300 करोड़ की लागत से फोरलेन बनेगा, जबकि मधुपुर, सारठ और गिरिडीह के लिए बाईपास बनाए जाएंगे। गिरिडीह बाईपास के लिए 438 करोड़ रुपये की प्रारंभिक स्वीकृति हो चुकी है।
एनएच 22 बिहार के सोनबरसा से शुरू होकर चतरा के गोसाईडीह से झारखंड में प्रवेश करता है और जोरी, लमटा, हंटरगंज होकर चंदवा में समाप्त होता है। हंटरगंज समेत कई जगहों पर सड़क की हालत खराब है और गड्ढे हैं; एनएचएआई ने पहले इन्हें भरकर सड़क को चलने योग्य बनाने का काम शुरू किया है। राज्य में 106 किमी लंबे एनएच को फोरलेन बनाने के डीपीआर के लिए निविदा हो चुकी है और चतरा शहर के लिए 14 किमी लंबा बाईपास बनेगा। एनएच 522 गिरिडीह से बगोदर से शुरू होकर हजारीबाग होते हुए चतरा में समाप्त होता है। 518 करोड़ की लागत से बगोदर से 48 किमी तक फोरलेन बनाया जाना है। केसुरा मोड़ से सरोनी कटकी और टाटीझरिया तक सड़क जर्जर है, जबकि दारू में दो संकरी पुलिया और तीखे मोड़ के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। टाटीझरिया और होलंग में भूमि अधिग्रहण के लिए मुआवजे पर विचार चल रहा है। हजारीबाग शहर में सिलवार से 26 किमी लंबा रिंग रोड बनेगा, जो कटकमसांडी रोड को पार कर सलगा गांव से जुड़ेगा।
एनएच 139 पटना से शुरू होकर डालटनगंज के मेदिनीनगर तक जाता है और हरिहरगंज में झारखंड में प्रवेश करता है। इसकी कुल लंबाई 51 किमी है। पटना से झारखंड सीमा तक इस मार्ग को फोरलेन बनाया जा रहा है, जबकि राज्य में हरिहरगंज से सीलीदाग तक सड़क चौड़ी हो चुकी है। छतरपुर से पड़वा मोड़ तक 22 किमी सड़क दो लेन की है, जहां अक्सर जाम लगता है; इस हिस्से को फोरलेन बनाने के लिए डीपीआर तैयार करने का काम प्रगति पर है।
