हरिद्वार और ऋषिकेश में आगामी अर्द्धकुंभ मेले की सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जनवरी से शुरू हो रहे मेले में इस बार 15 से 21 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए बहुस्तरीय इंतजाम कर रहे हैं।
हरिद्वार में एक अत्याधुनिक कमांड कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, जो 13 अलग-अलग ग्रिडों से जुड़ेगा। इससे पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर एकीकृत रूप से नजर रखी जा सकेगी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल निर्णय लेने में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मेले के दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र में 09 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया गया है, जहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की तैनाती भी प्रस्तावित है। प्रमुख स्नान घाटों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अलग-अलग स्तर पर सुरक्षा योजना तैयार की जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कुल 1021 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी, जिन्हें कमांड कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। निगरानी व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का भी इस्तेमाल होगा, जिससे भीड़ की गतिविधियों, असामान्य हलचल और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने में मदद मिलेगी। इससे पुलिस संभावित खतरे का समय रहते आकलन कर कार्रवाई कर सकेगी। इसके अलावा अर्द्धकुंभ क्षेत्र में 09 ग्रीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस, आपातकालीन सेवाओं और सुरक्षा एजेंसियों के वाहनों को बिना किसी बाधा के आवागमन की सुविधा मिल सके।
