पटना। विधानमंडल के शीतकालीन सत्र से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शासन से लेकर जिला प्रशासन तक की समीक्षा के लिए दो दिवसीय बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री कार्यालय के संवाद सभागार में 28 और 29 नवंबर को होने वाली इस बैठक में मुख्य सचिव, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव एवं सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी तथा एसएसपी-एसपी शामिल होंगे।

बैठक का उद्देश्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाना और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का आकलन करना माना जा रहा है। सत्र के दौरान सरकार को विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, विकास योजनाओं की प्रगति और जनहित के मुद्दों पर सदन में जवाब देना होगा, इसलिए मुख्यमंत्री प्रशासनिक स्तर पर पूरी तैयारी सुनिश्चित करना चाहते हैं।

बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, जन शिकायतों के निष्पादन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। जिलों में चल रही योजनाओं की वास्तविक स्थिति और लंबित मामलों की भी समीक्षा की जा सकती है।

बताया जाता है कि मुख्यमंत्री का दायित्व ग्रहण करने और एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरा होने के बाद यह पहली दो दिवसीय मैराथन बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री अधिकारियों को सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध तरीके से काम करने का निर्देश दे सकते हैं। साथ ही जिलाधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण बढ़ाने और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा जा सकता है। इस बैठक को सत्र से पहले प्रशासनिक जवाबदेही तय करने और सरकार के कामों में तेजी लाने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।