केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस अब डीएमके को समर्थन से रोकने की कोशिश में जुटी है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे रविवार को चेन्नई जा रहे हैं, जहां वे डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक स्टालिन मुलाकात के लिए तैयार हैं, लेकिन पार्टी का रुख बदलने की संभावना कम है।
डीएमके ने शुक्रवार को दो शर्तों के साथ परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया था। पहली मांग सभी राज्यों के लिए लोकसभा सीटों में आनुपातिक वृद्धि की थी और दूसरी अगले 25 वर्षों तक 1971 की जनगणना को आधार बनाने की। सरकार इन मांगों को मानने को तैयार है। डीएमके के एक नेता ने कहा कि समर्थन का फैसला बदलना मुश्किल है।
मुलाकात से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में कहा कि वे डीएमके से परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधियकों का विरोध करने का अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा और बीजेपी-आरएसएस को चुनावी नक्शा अपने फायदे के हिसाब से तैयार करने की छूट मिल जाएगी। उन्होंने स्टालिन के साथ अपने संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि भाई स्टालिन हमेशा तमिल-विरोधी ताकतों के खिलाफ डटे रहे हैं और राष्ट्रीय व तमिलनाडु के हित तथा संविधान की रक्षा के लिए मिलकर इस विधेयक को हराना होगा।
रिपोर्ट के अनुसार, स्टालिन के साथ बैठक के बाद कांग्रेस के तीनों नेता एनसीपी (एसपी) नेता शरद पवार से मुलाकात करेंगे और परिसीमन विधेयक पर विरोध के लिए उनका समर्थन मांगेंगे। जानकारी के मुताबिक इन नेताओं के साथ तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी और इंडी गठबंधन के कुछ अन्य नेता भी शामिल हो सकते हैं।
