करनाल में कांग्रेस नेता सतीश राणा के परिवार पर शनिवार रात हमले का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, उनकी पत्नी परवीन राणा और बेटा प्रणव राणा करनाल से सामान लेकर गांव कैरवाली लौट रहे थे। कुटेल गांव के श्मशान घाट के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी पर हमला कर शीशे तोड़ दिए। हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। अचानक हुए हमले से गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, लेकिन गनीमत रही कि मां-बेटे को कोई चोट नहीं आई। आरोप है कि हमलावर जाते समय धमकी देकर गए कि अभी तो यह ट्रेलर है।

घटना की सूचना मिलने पर सतीश राणा और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने मधुबन थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। सतीश राणा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय सचिव वीरेंद्र सिंह राठौर पर हमला कराने की साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है। वीरेंद्र सिंह राठौर ने इन आरोपों को गलत बताया है।

सतीश राणा ने इस घटना को पहले से चले आ रहे विवाद से जोड़ा है। बताया जाता है कि दोनों नेताओं के बीच विवाद की शुरुआत 18 नवंबर को आयोजित कांग्रेस की चौपाल के बाद हुई थी, जिसमें सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शिरकत की थी। सतीश राणा का आरोप है कि कार्यक्रम के बाद वीरेंद्र राठौर ने उन्हें अपने आवास पर बुलाकर गाली-गलौच की और गर्दन उतारने की धमकी दी। इसके बाद सतीश राणा ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर अपनी बात रखी थी। बाद में समाज की पंचायत में विवाद खत्म कराने का प्रयास किया गया था।

सतीश राणा का कहना है कि वीरेंद्र राठौर मामला खत्म नहीं करना चाहते और उनसे समाज के सामने माफी मांगने की मांग कर रहे हैं। इसी विवाद को लेकर दोबारा पंचायत भी होनी थी। वीरेंद्र सिंह राठौर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव हैं और घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं, जबकि सतीश राणा हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। अब परिवार पर हुए हमले ने इस पुराने विवाद को फिर से चर्चा में ला दिया है।