मुंबई। परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में उथल-पुथल के बीच नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के शरदचंद्र पवार गुट के विधायक अभय सिंह जगताप ने अपने संगठनात्मक पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। जगताप ने शनिवार को NCP(SP) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे को अपना इस्तीफा सौंपा। वे मान-खटाव विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष और नेशनलिस्ट यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव के रूप में काम कर रहे थे।

अपने इस्तीफे में जगताप ने पार्टी नेतृत्व से असंतोष और वैचारिक सिद्धांतों को लेकर मतभेदों का हवाला दिया। उन्होंने पार्टी छोड़ने के कारणों में परिसीमन विधेयक पर पार्टी के रुख को भी बताया। उनका इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब वैचारिक मतभेदों, खासकर परिसीमन विधेयक और इस प्रक्रिया पर पार्टी के कथित रुख को लेकर कई लोग पार्टी छोड़ रहे हैं।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब NCP(SP) के वरिष्ठ नेता और विधायक जितेंद्र आव्हाड ने 27 नवंबर को संकेत दिया कि पार्टी ने परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने का फैसला किया है। उन्होंने इसे संवैधानिक आवश्यकता बताया और कहा कि यह निर्णय पार्टी प्रमुख शरद पवार के साथ चर्चा के बाद लिया गया है। इस सप्ताह की शुरुआत में NCP(SP) के सोशल मीडिया सेल के महाराष्ट्र प्रदेश महासचिव रामेश्वर खमकर ने भी अपने संगठनात्मक पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। खमकर ने परिसीमन विधेयक पर पार्टी के कथित रुख को अपने वैचारिक विश्वासों के विपरीत बताया और इसे भाजपा के राजनीतिक एजेंडे से जोड़ा।

हालांकि, NCP(SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले का कहना है कि पार्टी द्वारा अपना आधिकारिक रुख घोषित करने से पहले प्रस्तावित कानून का विस्तार से अध्ययन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कानून के प्रावधानों को समझने के बाद ही पार्टी अपना रुख तय करेगी। इधर, संसदीय मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सोमवार को लोकसभा में संशोधित परिसीमन विधेयक, 2026 पेश करेंगे। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और इससे जुड़ा परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी गई।