बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य भाग में बने अति गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' और राज्य में सक्रिय पूर्वी हवा के प्रवाह के कारण 20 नवंबर से पूरे बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र, पटना और बिहार मौसम सेवा केंद्र की ओर से 19 नवंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर से राज्य में वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि होने की प्रबल संभावना है। गुरुवार को सुबह से धूप खिली रही, आसमान साफ रहा और तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, बक्सर, कैमूर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण, सासाराम, सीतामढ़ी, सिवान, वैशाली और पश्चिमी चंपारण जिलों के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा स्थित जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि चक्रवात अकवान की वजह से उत्तर बिहार के जिलों में भी मौसम बदलेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और बेगूसराय व समस्तीपुर आदि जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है। पुरवा चलने के कारण तापमान में कमी आएगी, जबकि अगले दो दिनों में राज्य में अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।

आईएमडी के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 'अकवान' 19 नवंबर को 0530 बजे (भारतीय समय) पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में अक्षांश 14.5° उत्तर और देशांतर 85.3° पूर्व के निकट केंद्रित था, जो पिछले 6 घंटों में 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा में बढ़ा। इसके उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ते हुए 20 नवंबर को 1130 बजे (भारतीय समय) तक नरसापुर और पुरी के बीच (गोपालपुर के पूर्व में) उत्तर आंध्र प्रदेश एवं यनम तथा दक्षिण ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है, जहां निरंतर हवा की गति 90–100 किमी प्रति घंटे और झोंकों में 110 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने 20 से 23 नवंबर के बीच भीषण चक्रवात 'अकवान' के प्रभाव से राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ 50 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। आईएमडी के अनुसार 21 नवंबर को पूर्वी बिहार के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन व वज्रपात के साथ 30–40 किमी प्रति घंटे की झोंकेदार हवा चल सकती है तथा भागलपुर व कटिहार में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की आशंका है।

मौसम विभाग ने आगाह किया है कि मेघगर्जन व वज्रपात से जन-धन और पशुधन को नुकसान पहुंच सकता है। तेज झोंकेदार हवा व वज्रपात से खड़ी फसलों, फलदार वृक्षों और कृषि उपज को क्षति पहुंचने के साथ-साथ कमजोर या कच्चे मकानों व टीन की छतों को नुकसान और भारी बारिश से निचले इलाकों में जलजमाव व यातायात बाधित होने की आशंका है। किसानों को सलाह दी गई है कि खरीफ फसलों की कटाई कर उन्हें सुरक्षित व सूखे स्थान पर रखें, कटी या खुले में रखी फसल को तिरपाल से ढकें, प्रतिकूल मौसम के दौरान कटाई व अनावश्यक सिंचाई फिलहाल स्थगित रखें और खेतों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करें। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के प्रमुख वैज्ञानिक-डी आशीष कुमार ने आमजन व किसानों से सतर्क रहने और एहतियाती उपाय अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मेघगर्जन व आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, खेतों, ऊंचे पेड़ों, जलाशयों और बिजली के खंभों के पास खड़े न हों, बल्कि सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। तेज हवा या खराब मौसम के दौरान कमजोर संरचनाओं, टीन की छतों, पुराने पेड़ों व बिजली के तारों से दूरी बनाए रखें, जलभराव वाले रास्तों व अनावश्यक यात्रा से बचें और आपदा प्रबंधन के निर्देशों का पालन करें।