दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के तीन कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों पीतमपुरा में एक व्यापारी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में वांछित थे। पुलिस के अनुसार, बीते 28 अक्टूबर की सुबह पांच बजे सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र के पीतमपुरा में व्यापारी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी और उनकी कार पर भी गोलियां चलाई गई थीं। जांच में सामने आया कि व्यापारी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और रकम देने से इनकार करने पर गोदारा ने अपने शूटरों को फायरिंग का निर्देश दिया था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया, और पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने केस की गंभीरता को देखते हुए इसे क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया था।

विशेष आयुक्त (क्राइम ब्रांच) एचजीएस धालीवाल के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम निखिल कुमार, शुभम और मोक्ष हैं। निखिल मूलरूप से मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है, लेकिन कुछ वर्षों से समालखा (हरियाणा) में रह रहा था। शुभम भी मुजफ्फरनगर का और मोक्ष करनाल का रहने वाला है। डीसीपी संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में एसीपी विवेकानंद पाठक, इंस्पेक्टर मान सिंह और इंस्पेक्टर सुंदर गौतम की टीम ने तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस के जरिए 500 किलोमीटर से अधिक दूरी तक बदमाशों का पीछा किया और शुक्रवार को रोहिणी इलाके से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तीनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में दिल्ली आए थे। इनके कब्जे से दो सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक कट्टा, 12 कारतूस और वारदात में इस्तेमाल एक बाइक व एक कार बरामद की गई है।

पूछताछ में पता चला कि मोक्ष विदेश में बैठकर गोदारा गिरोह का काम संभाल रहे उसके करीबी सहयोगी विवेक और फरार बदमाश प्रदीप के सीधे संपर्क में था। वह स्थानीय गुर्गों और विदेशी हैंडलर्स के बीच कड़ी का काम करता था और लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराता था। पुलिस के अनुसार, मोक्ष ने ही दिहाड़ी मजदूरी करने वाले निखिल को लग्जरी लाइफस्टाइल और मोटी रकम का लालच देकर गिरोह में शामिल किया था। पीतमपुरा में फायरिंग के लिए निखिल को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी, जिसके बाद निखिल ने फरार बदमाश प्रदीप के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। तीसरा आरोपी शुभम अपने दोस्त निखिल के जरिए इस साजिश में शामिल हुआ था। पुलिस अब फरार बदमाश प्रदीप की तलाश में जुटी है और गिरोह के स्थानीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है।