कोरोना महामारी के बाद मच्छरजनित बीमारियों का पैटर्न बदलता दिख रहा है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के वेक्टर कंट्रोल रिसर्च सेंटर ने जनवरी 2026 में एक अध्ययन प्रकाशित किया, जिसमें 2014 से 2024 के बीच पांच मच्छरजनित बीमारियों का विश्लेषण किया गया। वर्ष 2020 को छोड़कर महामारी से पहले और बाद के आंकड़ों की तुलना की गई। अध्ययन के मुताबिक, कोरोना के बाद मलेरिया का घटता रुझान बढ़ने लगा, जबकि चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस में भी बढ़ोतरी के संकेत मिले।
डेंगू के मामलों में वृद्धि की रफ्तार भले ही धीमी हुई हो, लेकिन वायरस में आनुवंशिक बदलाव चिंता बढ़ा रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वर्ष 2023 के दौरान 4045 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 3702 नमूनों यानी 91.5 प्रतिशत में डेंगू वायरस का सीरोटाइप-2 मिला। सीएसआईआर-आईजीआईबी के अध्ययन में वायरस के कुछ जीन में ऐसे बदलाव मिले, जिनका संबंध गंभीर संक्रमण से हो सकता है।
एमसीडी के चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक रावत के मुताबिक, कोरोना के बाद डेंगू फैलाने वाले मच्छरों की संवेदनशीलता और प्रभावशीलता में कमी आई है। डेंगू हेमरेजिक फीवर और डेंगू शॉक सिंड्रोम जैसे गंभीर रूपों के मामले भी घटे हैं। साथ ही लोगों में बचाव को लेकर जागरूकता बढ़ी है। मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के एक अध्ययन में दिल्ली की संजय कॉलोनी के 314 लोगों को शामिल किया गया। अगस्त 2020 से सितंबर 2021 तक जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके बाद मच्छरों वाले घरों की संख्या का प्रतिशत 21.65 से घटकर 4.45 रह गया। इससे पता चलता है कि सफाई और जागरूकता से मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सकता है।
सफदरजंग अस्पताल के शोध में तापमान, बारिश और नमी का डेंगू संक्रमण से संबंध पाया गया। मानसून में डेंगू के मामले बढ़ते हैं और सितंबर-अक्टूबर में सबसे ज्यादा होते हैं। घरों के आसपास जमा पानी मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल माहौल बनाता है, इसलिए पानी जमा नहीं होने देना और आसपास सफाई रखना जरूरी है। एम्स दिल्ली और पीजीआई चंडीगढ़ के 44 बच्चों पर हुए अध्ययन में कोरोना संक्रमण के संकेत और डेंगू के गंभीर प्रभाव के बीच संभावित संबंध भी देखा गया। हालांकि, शोधकर्ताओं ने इसे प्रतिरोधक क्षमता का संभावित प्रभाव बताया है, पक्का निष्कर्ष नहीं।
