महाराष्ट्र के सतारा जिले में कराड के पास स्थित मलकापुर ने साबित किया है कि स्थानीय निकाय इच्छाशक्ति और बेहतर योजना के दम पर सीमित संसाधनों में भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं। कभी 11 बोरवेल पर निर्भर इस कस्बे में अब घरों तक 24 घंटे पानी की आपूर्ति हो रही है। मीटर आधारित व्यवस्था लागू होने के बाद 60 प्रतिशत उपभोक्ताओं के पानी के बिल में कमी आई है। गुरुग्राम में आयोजित पंचायतों और नगर पालिकाओं के सशक्तिकरण पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में मलकापुर की इस सफलता की कहानी देशभर से आए प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत की गई।
मलकापुर नगर परिषद के नगराध्यक्ष तेजस सोनावले ने बताया कि वर्ष 2008 में इसे ग्राम पंचायत से नगर पंचायत का दर्जा मिला। नई व्यवस्था से पहले जलापूर्ति 11 बोरवेल और पावर पंपों पर निर्भर थी और लोगों को दिन में कुछ ही घंटे पानी मिलता था। इस कारण घरों में बड़ी मात्रा में पानी जमा करना पड़ता था और अगली आपूर्ति से पहले कई बार पुराना पानी फेंक दिया जाता था, जिससे उपचारित पानी की बर्बादी होती थी।
समस्या के समाधान के लिए वर्ष 2005 में बारहमासी कोयना नदी से जलापूर्ति की योजना बनाई गई। शुरुआती परियोजना 947.54 लाख रुपये में मंजूर हुई। बाद में वर्ष 2006 में नगर पंचायत ने इसे 24 घंटे जलापूर्ति के अनुरूप विकसित करने का निर्णय लिया और संशोधित परियोजना 1225.13 लाख रुपये में मंजूर की गई। इसमें वर्ष 2030 तक अनुमानित 67,196 आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखा गया और प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 55 लीटर पानी की आपूर्ति का लक्ष्य रखा गया। नई व्यवस्था के तहत 8 एमएलडी क्षमता का जलशोधन संयंत्र और 15.50 लाख लीटर क्षमता का एमबीआर बनाया गया। जलापूर्ति नेटवर्क का डिजाइन वाटरजेम्स सॉफ्टवेयर से तैयार किया गया, जिसमें हर घर की पानी की मांग का सर्वे और भविष्य की जरूरतों का आकलन किया गया।
नगर पंचायत ने 100 प्रतिशत मीटर आधारित व्यवस्था अपनाई। शुरुआत में आशंका थी कि मीटर लगाने से बिल बढ़ेंगे और 24 घंटे आपूर्ति से खपत भी बढ़ जाएगी, लेकिन परिणाम इसके विपरीत रहे और 60 प्रतिशत उपभोक्ताओं के बिल में कमी आई। इस मॉडल के लिए मलकापुर नगर पंचायत और महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण को वर्ष 2010 में राष्ट्रीय शहरी पुरस्कार मिला। बदलापुर, अमरावती, यवतमाल, नागपुर और नवी मुंबई सहित कई शहरों ने भी इस मॉडल को अपनाया है।
