भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को तेलंगाना के करीमनगर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत महा पदयात्रा का नेतृत्व किया। इसके बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां भारत का अपमान करते हैं और घुसपैठियों का समर्थन करते हैं। नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी हर जगह देश की अर्थव्यवस्था को संकट में बताते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी के लिए विकास का अर्थ देश की तरक्की नहीं, बल्कि अपने परिवार और पार्टी का विस्तार है।
भाजपा अध्यक्ष ने अगले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि मोदी दोबारा सत्ता में नहीं आएंगे, लेकिन 2029 में भी वह लाल किले की प्राचीर पर नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सपने देखते रह सकते हैं, लेकिन देश के 140 करोड़ लोग प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़े हैं।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष के आरोपों पर नितिन नवीन ने राहुल गांधी के वोट चोरी के दावों को खारिज करते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 13 करोड़ वोट चोरी होने का दावा करते हैं, लेकिन सवाल यह है कि मतदाता सूची में तीन करोड़ मृत लोगों के नाम क्यों बने रहने चाहिए और छह करोड़ से अधिक लोगों के नाम पर दो जगह मतदान की अनुमति कैसे दी जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब तीन करोड़ अन्य लोग 2003 की मतदाता सूची में दर्ज अपने पते की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं और राहुल गांधी ऐसे लोगों के नाम पर वोट मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों, मृत लोगों और फर्जी मतदाताओं को मतदान का अधिकार नहीं मिलना चाहिए।
नितिन नवीन ने कांग्रेस पर आपातकाल लगाने और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने अपने परिवार, सत्ता और महत्वाकांक्षाओं के लिए लोकतंत्र की हत्या की, वही आज लोकतंत्र की बात कर रही है। भाजपा अध्यक्ष ने तेलंगाना की रेवंत रेड्डी सरकार पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए और सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी दिल्ली के 82 से अधिक दौरे कर चुके हैं और जनता के बजाय कांग्रेस नेतृत्व को खुश करने में लगे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को राहुल गांधी का 'एटीएम' बताते हुए दावा किया कि राज्य की मौजूदा सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और आने वाले समय में भाजपा सत्ता में आएगी।