दिल्ली पुलिस की मध्य जिला इकाई ने विशेष अभियान के तहत नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग के चार स्पा सेंटरों पर छापामारी की। इन सेंटरों में देह व्यापार होने के आरोप में 29 महिलाओं को पाबंद किया गया, जबकि स्पा संचालकों, मैनेजरों, कर्मचारियों और ग्राहकों समेत 15 लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को सूचना मिली थी कि कुछ स्पा सेंटरों में देह व्यापार चल रहा है। जांच के लिए पुलिस ने पहले नकली ग्राहक बनाकर अपने कर्मियों को इन सेंटरों में भेजा। वहां अतिरिक्त सेवाओं के नाम पर पैसे मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद छापामारी की गई।

नबी करीम थाना क्षेत्र के राम नगर स्थित ए-वन स्पा एंड सैलून से छह महिलाओं को पाबंद किया गया। यहां से स्पा मालिक और सह-मालिक समेत आठ लोगों को पकड़ा गया। पहाड़गंज के मेन बाजार स्थित आर्गेनिक स्पा से तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया। यहां मैनेजर को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत पाबंद किया गया।

करोल बाग के डब्ल्यूईए इलाके में मौर्य स्पा से 10 और टैंक रोड स्थित हेरिटेज स्पा से 10 महिलाओं को पाबंद किया गया। इन सेंटरों से मैनेजर, रिसेप्शनिस्ट और ग्राहकों को पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने पर पटेल नगर में दो अन्य मामले भी दर्ज किए गए हैं।