इस्लामाबाद में शुक्रवार को मक्का संयुक्त रक्षा समझौते की रणनीतिक राजनीतिक और रक्षा समिति की दूसरी बैठक हुई। इसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। तीनों देशों ने 7 अगस्त को इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें बाहरी हमले से साझा सुरक्षा का प्रावधान है। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब सऊदी अरब पर यमन के हूतियों ने मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं।
बैठक में सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों की समीक्षा की गई और सामूहिक रक्षा तथा आपसी एकजुटता के संकल्प को दोहराया गया। पैक्ट के सदस्य देशों ने एक राय से सऊदी अरब में नागरिकों और बुनियादी ढांचे पर हूतियों के हमलों की निंदा की। समझौते के सामूहिक रक्षा प्रावधानों के तहत सऊदी अरब की सुरक्षा का समर्थन करने और उसकी संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए संयुक्त प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया। हालांकि बैठक में पाकिस्तान और तुर्की ने हूतियों के खिलाफ सऊदी के मोहम्मद बिन सलमान का सीधा साथ देने के संकेत नहीं दिए हैं।
सऊदी विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा घटनाक्रमों की समीक्षा की गई और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा तथा स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए तीनों देशों की मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। समिति ने 31 अगस्त को इस्तांबुल में हुई अपनी पहली बैठक और 5 अक्टूबर को रियाद की आपात बैठक के नतीजों की भी समीक्षा की और उनके क्रियान्वयन में हुई प्रगति पर चर्चा की। तीनों देशों ने रक्षा उद्योगों, संयुक्त तकनीकी विकास, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में सहयोग मजबूत करने की बात कही है।
सऊदी अरब के रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान और तुर्की के विदेश मंत्री हकान फिदान तथा रक्षा मंत्री यासर गुलर बैठक के लिए पाकिस्तान में हैं। खालिद बिन सलमान ने ट्विटर पर बताया कि उन्होंने इस्लामाबाद में मक्का डिफेंस अलायंस के तहत इस बैठक में तुर्की के रक्षा मंत्री, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और आर्मी चीफ से मुलाकात की। इस दौरान सुरक्षा को बढ़ावा देने और रक्षा क्षमताओं को बढ़ाने में इस गठबंधन की भूमिका पर चर्चा हुई। बैठक का अगला दौर तुर्की में होगा।
