हिमाचल प्रदेश में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड जारी है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जिला उपायुक्तों को सड़क हादसों को रोकने और आमजन की परेशानी दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 3 दिसंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। शुक्रवार को बिलासपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर रही, जिससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट के इस्तेमाल की सलाह दी है।
शिमला और कुफरी में पारा लगातार गिर रहा है। कुफरी में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री की गिरावट के साथ 4.8 डिग्री और शिमला में 1.5 डिग्री की गिरावट के साथ 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट कुफरी में 3 डिग्री की आई, जहां 14.5 डिग्री दर्ज किया गया। ऊना में सबसे अधिक 28.4 डिग्री तापमान रहा, जबकि कल्पा में 1.7 डिग्री की वृद्धि के साथ 19.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक है।
प्रदेश के सात जिलों लाहुल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू, मंडी, सोलन और शिमला में कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से कम दर्ज किया जा रहा है। ताबो में 0.9 डिग्री की गिरावट के साथ सबसे कम -5.1 डिग्री, कुकुमसेरी में -3.4 डिग्री और केलंग में -1.2 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में 11 स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से कम रहा।
