जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुकुहां गांव में शुक्रवार रात बहूभोज के दौरान हुई चाकूबाजी और मारपीट में 15 वर्षीय रितेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने 26 वर्षीय बिंदेश राजभर को पीट-पीटकर मार डाला, जिससे गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात है और जांच जारी है।

गांव निवासी ऋतिक राजभर टेंट लगाने का काम करते हैं और गांव के ही मनीष तिवारी के यहां आयोजित बहूभोज में टेंट लगाने गए थे। वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रात करीब साढ़े आठ बजे ऋतिक राजभर ने फोन कर गांव के ही अपने मित्रों बिंदेश राजभर आदि को बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान किसी ने चाकू से रितेश तिवारी के चेहरे पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गए।

हमलावर भागने लगे, तो घायल रितेश तिवारी पक्ष के आक्रोशित लोगों ने उनका पीछा किया और बिंदेश राजभर को घेरकर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थर व धारदार हथियार से मारकर अधमरा कर दिया। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बिंदेश राजभर को देखते ही मृत घोषित कर दिया। रितेश तिवारी की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया गया।

सूचना मिलने पर सीओ सिटी सम्यक चौधरी और गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ल ने जिला अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। बताया गया है कि मृत बिंदेश राजभर पंजाब से करीब एक पखवाड़े पहले गांव आया था, जहां वह छोला-भटूरा बेचता था, जबकि घायल रितेश तिवारी दो दिन पहले मुंबई से बहूभोज में शामिल होने आया था।