भारत सरकार की मैनेजमेंट इफेक्टिवनेस इवैल्यूएशन (एमईई) टीम ने दुधवा टाइगर रिजर्व का तीन दिवसीय मूल्यांकन शुरू कर दिया है। टीम लीडर एके भारद्वाज के नेतृत्व में टीम गुरुवार को ही दुधवा पहुंच गई थी। शुक्रवार को टीम ने सबसे पहले दुधवा कार्यालय में अभिलेखों का निरीक्षण किया और इसके बाद जंगल में जाकर सर्वे किया।
दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एच. राजमोहन ने बताया कि एमईई टीम इस समय दुधवा के दौरे पर है और अभिलेखों की जांच कर चुकी है। आगे टीम दुधवा और किशनपुर में भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेगी। मूल्यांकन में वन्यजीव संरक्षण, सुरक्षा, प्राकृतिक आवास, जैव विविधता और पर्यटन समेत कई महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं।
टीम बाघों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास की स्थिति का जायजा ले रही है। इसके अलावा जंगल की वनस्पतियों, जैव विविधता और अन्य वन्यजीवों के संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी सर्वे के दायरे में रखा गया है। टीम यह देख रही है कि वन्यजीवों के अनुकूल वातावरण बनाए रखने और उनकी सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयास कितने प्रभावी हैं।
मूल्यांकन में पर्यटन सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। टीम पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पर्यटन प्रबंधन और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन समेत विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है।
