मुजफ्फरनगर जिले के सिसौली गांव में किसान नेता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत का पुश्तैनी घर है। इसी घर में अब राकेश टिकैत और नरेश टिकैत संयुक्त परिवार की तरह रहते हैं। हाल ही में डेनमार्क की बहू क्लारा यनशन के साथ मुजफ्फरनगर के अनिल वर्मा अपने परिवार के साथ 40 साल बाद गांव पहुंचे, जहां विदेशी मेहमानों का देसी अंदाज में भव्य स्वागत हुआ। इसके बाद टिकैत परिवार के इस आलीशन घर की चर्चा हो रही है।
टिकैत परिवार के बारे में बताया जाता है कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के बड़े बेटे नरेश टिकैत भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जबकि दूसरे बेटे राकेश टिकैत बीकेयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। सुरेंद्र टिकैत और नरेंद्र टिकैत अन्य दो बेटे हैं, जो मुख्य रूप से गांव में रहकर खेती-किसानी और पारिवारिक जिम्मेदारियां संभालते हैं। घर में स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की यादें संजोकर रखी गई हैं। घर के बाहर उनकी बैलगाड़ी खड़ी है, जबकि घेर में उनका पुराना ट्रैक्टर रखा हुआ है।
घर के एक कमरे में बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की तस्वीर के आगे घर में बने देसी घी से ज्योत 24 घंटे जलती रहती है। इसी कमरे में उनका हुक्का और बिस्तर लगी खाट भी रखी हुई है। बताया जाता है कि इस कमरे में जो भी प्रवेश करता है, जूते-चप्पल बाहर उतारकर ही जाता है।
गांव में बने पंचायत भवन में बाबा महेंद्र सिंह की समाधि बनी हुई है और इससे लगा हुआ आलीशन मंदिर है। पंचायत भवन में गांव की शादी-विवाह आदि कार्यक्रम आयोजित होते हैं और बड़े फैसले भी लिए जाते हैं। घर के पास ही घेर में घोड़ों का अस्तबल है, जहां घोड़ों की देखरेख की जाती है। घर और घेर में गौशाला भी बनी है, जिसमें कई गाय-भैंस बंधी हुई हैं। घर में बने घी से ही दिया जलाया जाता है और खाना बनाया जाता है। चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत का परिवार पारंपरिक रूप से बालियान खाप का नेतृत्व करता रहा है और भारतीय किसान यूनियन के माध्यम से किसान आंदोलनों का केंद्र रहा है।
