संभल के थाना असमोली क्षेत्र के ग्राम इकरोटिया निवासी हुर्र मेहंदी बाकरी उर्फ सुहैल के नाम पर शस्त्र लाइसेंस सक्रिय होने का मामला सामने आया है, जबकि शिकायत के अनुसार उन्होंने 26 जून 2014 को अमेरिकी नागरिकता ग्रहण की, 30 जनवरी 2015 को भारतीय नागरिकता छोड़ी और चार फरवरी 2015 को भारतीय पासपोर्ट संख्या Z2113073 सरेंडर कर दिया था। गांव के ही फरहत अब्बास ने मंडलायुक्त संगीता सिंह को शिकायती पत्र देकर लाइसेंस की जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप है कि लाइसेंस संख्या 1332 IIND के तहत राइफल संख्या 07420955233686A2F720 और रिवॉल्वर संख्या FG2629833686A2F720 अब भी दर्ज हैं और 2007 से 2025 तक विदेश में रहते हुए कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नवीनीकरण कराया गया।
शिकायत में सवाल उठाया गया है कि नवीनीकरण के आवेदनों में अमेरिकी नागरिकता और भारतीय नागरिकता छोड़ने की जानकारी दी गई थी या नहीं। यह भी पूछा गया है कि जानकारी देने पर लाइसेंस निरस्त क्यों नहीं हुए और तथ्य छिपाने पर पुलिस सत्यापन किस आधार पर किया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने 15 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी संभल को भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। असमोली पुलिस पर आरोप है कि उसने दोनों शस्त्र थाने में जमा होने की जानकारी देकर शिकायत निस्तारित कर दी, जबकि नवीनीकरण और नागरिकता से जुड़े मूल सवालों की जांच नहीं की गई। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि दोनों शस्त्र संबंधित व्यक्ति के बड़े भाई अली मेहंदी के पास रखे जाते थे।
मंडलायुक्त संगीता सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी संभल से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मांगी है। एसपी संभल विकास चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी और नियमानुसार अमेरिका की नागरिकता पर भारत में शस्त्र लाइसेंस होना गलत है; यदि थाने स्तर से रिपोर्ट भेजी गई है तो लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। डीएम संभल अंकित खंडेलवाल ने कहा कि शिकायत मिली है और जांच में जो गलत पाया गया तथा दोषी मिले, उनके खिलाफ कार्रवाई अवश्य होगी।
