छठ महापर्व के बाद पूर्व मध्य रेल ने 16 से 26 नवंबर, 2026 के बीच 10 दिनों में 103.79 लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया। इस दौरान रेलवे को 238.46 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड यात्री राजस्व प्राप्त हुआ। पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छठ के बाद यात्रियों की वापसी को देखते हुए नियमित ट्रेनों के अलावा बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। पिछले वर्ष 2025 में इसी अवधि में 98.13 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी, जबकि इस वर्ष यात्री संख्या 5.78 प्रतिशत बढ़ी। राजस्व भी पिछले वर्ष के 216.87 करोड़ रुपये से बढ़कर 238.46 करोड़ रुपये हो गया, जो 9.96 प्रतिशत की वृद्धि है।
प्रति यात्री औसत राजस्व 2026 में 229.74 रुपये रहा, जो 2025 के 221.01 रुपये से 3.95 प्रतिशत अधिक है। गैर-आरक्षित श्रेणी में राजस्व 55.74 करोड़ से बढ़कर 69.24 करोड़ रुपये हो गया, यानी 24.21 प्रतिशत की वृद्धि। इस श्रेणी में यात्री संख्या 79.78 लाख से बढ़कर 84.29 लाख हुई। आरक्षित श्रेणी में राजस्व 161.12 करोड़ से बढ़कर 169.21 करोड़ रुपये रहा, जो 5.02 प्रतिशत अधिक है, और यात्री संख्या 18.35 लाख से बढ़कर 19.51 लाख हो गई।
रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सेवाएं देते हुए उनके गंतव्य तक पहुंचाना रहा। स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिले और भीड़ प्रबंधन में मदद हुई। पूर्व मध्य रेल ने यात्री सुविधा और सुरक्षित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सेवाओं की लगातार निगरानी की।
