फरीदाबाद में शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए सरकार मास्टर प्लान-2031 को लागू करने की तैयारी में है। इसके तहत करीब 3100 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा, जिस पर मास्टर रोड, सर्विस रोड और सेक्टर रोड के साथ ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। जमीन का अधिग्रहण फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण करेगा। नगर योजनाकार विभाग इस संबंध में संबंधित विभागों से बातचीत कर रहा है।

जिला नगर योजनाकार मनीष यादव के अनुसार 3100 एकड़ जमीन अधिग्रहण की तैयारी शुरुआती चरण में है और अभी कई पहलुओं की समीक्षा की जा रही है। योजना के लागू होने से ग्रेटर फरीदाबाद का दायरा मौजूदा सेक्टरों से आगे आसपास के गांवों तक पहुंच जाएगा। अभी तक शहर का विस्तार मुख्य रूप से पुराने सेक्टरों और ग्रेटर फरीदाबाद तक सीमित रहा है, लेकिन बढ़ती आबादी और आवासीय जरूरतों को देखते हुए नए क्षेत्रों को नियोजित तरीके से विकसित करने की तैयारी है।

मास्टर प्लान-2031 के तहत 39.55 लाख की अनुमानित जनसंख्या के लिए 55 गांवों की लगभग 11,895 एकड़ जमीन पर नया शहरी क्षेत्र विकसित करने की योजना है। इसमें करीब 10 लाख लोगों को बसाना और शुरुआती चरण के सेक्टरों के लिए ई-भूमि पोर्टल के जरिए जमीन जुटाना शामिल है। विभागीय जानकारी के मुताबिक सेक्टर 92 से 158 तक 67 सेक्टरों की मास्टर रोड सिक्स-लेन बनेगी, जिसकी चौड़ाई 200 फुट होगी, जबकि दोनों ओर 40-40 फुट चौड़ी सर्विस रोड भी बनेगी। फिलहाल जिले में 91 सेक्टर हैं, जो इस योजना के बाद बढ़कर 158 हो जाएंगे।

मास्टर प्लान को लेकर बिल्डर लॉबी भी सक्रिय हो गई है। पिछले सालभर से तिगांव, बुखारपुर, जुन्हेड़ा, दयालपुर, बदरौला सहित आसपास के गांवों में जमीन की खरीद तेजी से हो रही है, जिससे इन इलाकों में जमीन के दाम में काफी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कई किसानों ने जमीन बेचनी शुरू कर दी है, तो कुछ लोग अभी और दाम बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।