गंगा एक्सप्रेसवे पर बहजोई के पास शुक्रवार रात करीब 11:10 बजे एक तेज रफ्तार वैगनआर कार आगे चल रहे ट्राले में पीछे से जा घुसी। इस भीषण टक्कर में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बनेटा के पास हुआ। पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी और सीओ असमोली अमन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटवाया गया। जिस ट्राले में कार पीछे से घुसी थी, उसे पुलिस ने पकड़ लिया है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर प्रभावित यातायात को सुचारू करा दिया गया है।

घायल महिला ने अपना नाम शैलेश कुमारी बताया है और खुद को आजमगढ़ की रहने वाली बता रही है, लेकिन इससे आगे अपने बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। कार का पंजीकरण नंबर हरियाणा (एचआर) का बताया जा रहा है, और पुलिस इसी आधार पर जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के एक ही परिवार के होने की आशंका है। पुलिस उनकी पहचान के लिए पूरी तरह जुटी हुई है; पहचान होने के बाद ही उनके बारे में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान की जांच कर रही है।