गाजियाबाद में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रमुख दलों में टिकट वितरण की हलचल तेज हो गई है। जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर फिलहाल भाजपा का कब्जा है, और पार्टी में मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की संभावना बनी हुई है। मथुरा में भाजपा की योजना बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि जिन विधायकों के टिकट काटने की जरूरत हो, उससे परहेज न किया जाए, और जो जिताऊ नहीं हैं उनकी जगह दूसरों को टिकट दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में हारे पूर्व सांसद, जो चुनाव जीत सकते हैं, उन्हें भी टिकट देकर मैदान में उतारा जा सकता है। इससे भाजपा के मौजूदा विधायकों की चिंता बढ़ गई है, जबकि विपक्षी दल भी इन सीटों पर सेंध लगाने की तैयारी में जुटे हैं।

गाजियाबाद सदर सीट से पहली बार के विधायक संजीव शर्मा हैं। भाजपा से टिकट के लिए पिलखुआ नगर पालिका के चेयरमैन विभु बंसल, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और जीडीए बोर्ड सदस्य पवन गोयल दावेदारी कर रहे हैं। सपा से अभिषेक गर्ग और पूर्व प्रत्याशी विशाल वर्मा टिकट की दौड़ में हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में सीट जाने पर सुशांत गोयल और लोकसभा चुनाव लड़ चुकीं डाली शर्मा भी दावेदार हैं। साहिबाबाद सीट पर भाजपा के मौजूदा विधायक और कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा के सामने पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, पप्पू पहलवान, तेजपाल राणा और अंकुर शर्मा जैसे दिग्गज टिकट की दौड़ में हैं। सपा से पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा और कांग्रेस से शशिभूषण व मांगेराम त्यागी ने भी दावेदारी ठोकी है।

लोनी सीट पर मौजूदा विधायक नंदकिशोर गुर्जर के सामने पार्टी के भीतर से योगेंद्र मावी, अनिल शर्मा और रामनिवास त्रिपाठी ने दावेदारी पेश की है। विपक्ष से हाल ही में भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए अनिल कसाना, जाकिर अली और मुखिया गुर्जर भी टिकट की कतार में हैं। लोनी नगर पालिका के चेयरमैन रंजीता धामा के पति मनोज धामा भी चुनाव लड़ेंगे, लेकिन उनका दल अभी तय नहीं है। मोदीनगर में दो बार की विधायक डॉ. मंजू शिवाच के सामने पूर्व विधायक पंडित सुदेश शर्मा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विपिन चौधरी और कृष्णबीर सिंह दावेदार हैं, जबकि सपा से जन्मेजय त्यागी, श्रवण त्यागी और देवव्रत धामा टिकट की लाइन में हैं।

मुरादनगर सीट पर एक दशक से भाजपा का कब्जा है और मौजूदा विधायक अजीतपाल त्यागी हैं। भाजपा खेमे से जिला पंचायत अध्यक्ष बसंत त्यागी और ब्रजपाल तेवतिया के नाम तेजी से उभर रहे हैं, जबकि सपा से सुरेंद्र कुमार मुन्नी और मनीषा शर्मा टिकट के लिए जोर लगा रहे हैं। बसपा की ओर से पूर्व विधायक और वर्तमान नगरपालिका चेयरमैन वहाब चौधरी के मैदान में उतरने के संकेत से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब सभी दावेदारों की निगाहें पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व पर टिकी हैं कि वे पुराने दिग्गजों पर भरोसा जताते हैं या नए चेहरों पर दांव खेलते हैं।