गाजियाबाद के नंदग्राम में रहने वाली मनीषा सांकेतिक भाषा दुभाषिया के रूप में काम कर रही हैं। उन्होंने यह भाषा अपने मूक-बधिर पिता राम बहादुर के इशारों को समझते हुए सीखी। मां ने बताया था कि मूक-बधिर लोग सांकेतिक भाषा से अपनी बात और भावनाएं व्यक्त करते हैं। इसके बाद मनीषा ने पिता के साथ समय बिताकर और उनके दोस्तों को देखकर यह भाषा सीखी।

मनीषा गाजियाबाद डेफ एसोसिएशन और नींव शक्ति संस्थान के साथ साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें इस क्षेत्र में करीब सात साल का अनुभव है। वह मूक-बधिर लोगों की बात दूसरों तक पहुंचाने के साथ उनकी जरूरतों और भावनाओं को भी समझती हैं।

मनीषा ने देखा कि मूक-बधिर लोगों को बाजार में खरीदारी, अस्पताल में बीमारी बताने, सार्वजनिक परिवहन में सफर करने या सरकारी कार्यालय में अपनी समस्या रखने में दिक्कत होती है। कई बार अपनी बात समझाने के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है। इसी स्थिति को देखकर मनीषा ने तय किया कि वह सांकेतिक भाषा के जरिये ऐसे लोगों की मदद करेंगी, ताकि संवाद की कमी उनके आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के रास्ते में बाधा न बने।

मनीषा के लिए यह महज नौकरी नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा काम है। उनका कहना है कि अब मूक-बधिर समुदाय के लोग उनके लिए परिवार का हिस्सा हैं।