मुजफ्फरनगर के नगवा गांव में शुक्रवार शाम मंढे की दावत में गाजर का हलवा खाने के बाद 140 से अधिक ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई। एक साथ इतने लोगों के बीमार पड़ने से गांव में अफरातफरी मच गई। मरीजों को बुढ़ाना के अवेंटिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर किया गया। कई मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

गांव नगवा निवासी पवन सिंह के पुत्र अनंत कुमार की रविवार को शादी है। शादी से पहले शुक्रवार शाम मंढे की दावत का आयोजन किया गया था, जिसमें गांव और आसपास के लोगों ने भोजन किया। खाने में अन्य व्यंजनों के साथ गाजर का हलवा भी परोसा गया था। ग्रामीणों के अनुसार भोजन के कुछ घंटे बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और बीमार होने वालों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ती चली गई।

ग्रामीण चंद्रपाल और अन्य ने हलवाई पर गाजर के हलवे में कच्चा रिफाइंड तेल डालने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हलवा खाने के बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ी। हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें गांव पहुंचीं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दावत में तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में किस वजह से खराबी आई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि फूड इंस्पेक्टर को भोजन के नमूने लेकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।