गंगा और गंडक के संगम पर बसा हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला आस्था, इतिहास और परंपरा का विराट संगम है। कार्तिक पूर्णिमा पर यहां लाखों श्रद्धालु नदियों में डुबकी लगाते हैं और रविवार से विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले का आगाज भी होगा। हरिहरनाथ मंदिर शिव-विष्णु के एकात्म स्वरूप का अनूठा प्रतीक है। मेले को हरिहर क्षेत्र मेला और छत्तर मेला के नाम से भी जाना जाता है; हाजीपुर और वैशाली के आसपास के इलाकों में आज भी काफी संख्या में लोग इसे छत्तर मेले के नाम से पुकारते हैं। सारण जिले के पूर्वी छोर पर नारायणी, जाह्नवी और मही नदियों के पवित्र संगम क्षेत्र में लगने वाले इस मेले का धार्मिक महत्व सदियों पुराना है।

मेले की कहानी केवल आस्था और स्नान तक सीमित नहीं है। इसकी मिट्टी में पौराणिक आख्यानों की सुगंध है, तो इतिहास के पन्नों में राजाओं-महाराजाओं के हाथियों की खरीद-बिक्री, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, शाही दरबार, स्वतंत्रता संग्राम और किसान आंदोलन की गूंज भी दर्ज है। राजा-महाराजा युद्ध के लिए हाथियों की खरीदारी करने यहां पहुंचते थे। धीरे-धीरे यह आयोजन धार्मिक अनुष्ठान से आगे बढ़कर पशु व्यापार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और मनोरंजन का विशाल केंद्र बन गया। कभी इसकी ख्याति देश की सीमाओं से बाहर तक थी।

इसी धरती पर वर्ष 1915 में अखिल भारत वर्षीय सनातन धर्म सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसने मेले के इतिहास में नया अध्याय जोड़ा। कार्तिक मेले के दौरान सोनपुर स्थित अखिल भारत वर्षीय धर्मसभा भवन में हुए इस सम्मेलन में देशभर के राजा-महाराजाओं और धर्माचार्यों का जुटान हुआ था और लगभग 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं की उपस्थिति बताई जाती है। दरभंगा महाराज रामेश्वर सिंह इसके सभापति थे, रीवा महाराज वेंकट रमण सिंह मुख्य अतिथि और हथुआ महाराज गुरु महादेव आश्रम प्रसाद शाही बहादुर संरक्षक की भूमिका में थे। सम्मेलन का उद्देश्य सनातन धर्म की रक्षा, उसके प्रचार-प्रसार और धार्मिक चेतना को व्यापक बनाना था। 27 नवंबर 1915 को प्रकाशित पाटलिपुत्र अखबार ने इस आयोजन का विस्तार से वर्णन किया था।

अखबार के विवरण के अनुसार, सभापति दरभंगा महाराज के बाईं ओर रीवा महाराज और दाईं ओर हथुआ महाराज विराजमान थे। स्वागत अध्यक्ष व्याख्यान वाचस्पति पंडित दीन दयालु शर्मा ने अपने स्वागत भाषण में तीनों नरेशों की उपस्थिति को हरिहर क्षेत्र के त्रिदेव संगम से जोड़ते हुए कहा था कि जिस प्रकार यहां नारायणी, जाह्नवी और मही का संगम होता है, उसी प्रकार आज रीवा, दरभंगा और हथुआ नरेशों का मिलन हुआ है। उन्होंने रीवा महाराज को विष्णु, दरभंगा महाराज को शिव और हथुआ महाराज को ब्रह्मा का स्वरूप बताते हुए इसे धर्म का त्रिदेव संगम कहा था। अखबार के अनुसार, सर्वप्रथम रीवा महाराज ने धर्मसभा मंडप के द्वार पर दर्शन दिया और जनता ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। सभा मंडप में प्रवेश के दौरान दरभंगा और हथुआ महाराज ने आगे बढ़कर उनकी अगवानी की और ब्राह्मण भक्त रीवा महाराज ने दोनों नरेशों के चरण स्पर्श कर प्रणाम किया। उस समय इस दृश्य को ब्राह्मण गौरव और धर्मात्मा नरेशों की परंपरा के प्रतीक के रूप में देखा गया था। दंडीस्वामी स्वामी सहजानंद सरस्वती ने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक ब्रह्मर्षि वंश विस्तर में भी इस धर्म सम्मेलन का विस्तार से उल्लेख किया है।

मेले की प्रसिद्धि केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रही। हाथियों और घोड़ों की खरीद-बिक्री ने इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। इतिहास और लोक मान्यताओं में मौर्य शासक चंद्रगुप्त मौर्य के समय से ही यहां पशुओं की खरीदारी की परंपरा का उल्लेख मिलता है। उनके शासनकाल में हाथी, घोड़े और बैलों की खरीदारी होती थी। मुगल काल में भी यह मेला शाही जरूरतों का महत्वपूर्ण केंद्र बना रहा। युद्ध में हाथियों की बड़ी भूमिका होने के कारण मुगल शासक यहां से चुनिंदा हाथियों की खरीदारी करते थे। सम्राट अकबर भी दल-बल के साथ सोनपुर मेले में आते थे। मध्य एशिया के अलावा अफगानिस्तान, ईरान और इराक तक के व्यापारी यहां पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचते थे। घोड़ों की