महाराष्ट्र सरकार में राज्य मंत्री योगेश कदम ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर रत्नागिरी में अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि यूसीसी हर राज्य में लागू होनी चाहिए और इससे जुड़े फैसले संबंधित राज्यों की विधानसभाओं में लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भी समान नागरिक संहिता लागू होनी चाहिए। कदम ने बताया कि इस दृष्टिकोण से उन्होंने पिछले सत्र में भी सदन में इस सवाल का जवाब दिया था और मुख्यमंत्री भी उनकी सरकार का रुख स्पष्ट कर चुके हैं।

जंगलों में आग लगने की घटनाओं पर योगेश कदम ने कहा कि इस बीच उन्होंने भी इस विषय का थोड़ा अध्ययन किया है कि जंगलों में आग फैलने से कैसे रोका जाए। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर जानबूझकर जंगलों में आग लगाई जाती है। साथ ही कुछ जगहों पर, जैसा कि बचपन में भी पढ़ा गया था, लकड़ियों के आपस में रगड़ने से चिंगारी पैदा होती है और जंगल में आग लग जाती है, जिसे दावानल कहा जाता है।

कदम ने कहा कि ऐसी आग की घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।