लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में शहीद पथ किनारे विनयखंड स्थित बैग्लो कैफे बी में बिना अनुमति हुक्का बार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। गोमतीनगर थाने के उपनिरीक्षक मृत्युंजयनाथ शर्मा गुरुवार रात गश्त पर थे, तभी उन्हें कैफे में हुक्का बार चलने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने कैफे के दूसरे तल पर छापा मारा तो पांच टेबल पर हुक्का सेट और दो चिलम रखी मिलीं। वहां मौजूद दो युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिल्ली निवासी सुधीर वसुमाता और सीतापुर के मानपुर निवासी प्रशांत वाजपेयी के रूप में हुई है। सुधीर ने खुद को कैफे मैनेजर बताया, जबकि प्रशांत हुक्का परोसने का काम करता था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि कैफे मालिक ऋषि विश्वकर्मा के संचालन में ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा था। आरोप है कि तंबाकू के अलग-अलग फ्लेवर बिना लाइसेंस परोसे जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित हुक्का बार संचालन का लाइसेंस नहीं दिखा सके। कैफे के प्रवेश द्वार पर धूम्रपान से स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान और 18 वर्ष से कम उम्र के लोगों के प्रवेश निषेध संबंधी चेतावनी बोर्ड भी नहीं था। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और रिपोर्ट दर्ज कर कैफे मालिक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। मालिक की तलाश की जा रही है।