गोरखपुर में 150 करोड़ रुपये की लागत से मत्स्य आहार (फिश फीड) की एक बड़ी विनिर्माण इकाई स्थापित होगी। यह इकाई मत्स्य आहार निर्माता कंपनी दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लगाई जाएगी। इसके लिए रविवार को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मत्स्य विभाग द्वारा प्रस्तावित निवेश के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा।

मत्स्य विभाग के अनुसार, फरवरी 2025 में लखनऊ में आयोजित मीन महोत्सव में 1020 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए थे। इनमें गोरखपुर में फिश फीड प्लांट की स्थापना का प्रस्ताव भी शामिल था, जिस पर अब काम शुरू होने जा रहा है।

इस इकाई में आधुनिक तकनीक के माध्यम से उच्च प्रोटीन युक्त फ्लोटिंग फिश फीड का निर्माण किया जाएगा। यह संयंत्र उत्तर प्रदेश के साथ उत्तर भारत व पूर्वी भारत के विभिन्न बाजारों की आवश्यकताओं को पूरा करेगा। इससे निर्यात की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।