गोरखपुर के चरगांवा में गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक मजदूर पुलिया से गहरे नाले में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी, लेकिन अंधेरे और पानी के अधिक गहरे होने के कारण रातभर की तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे नाले में शव उतराता दिखाई देने पर लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के पिपरिया गांव निवासी 46 वर्षीय रमाकांत राम के रूप में हुई। वह बिछिया में किराये का मकान लेकर मजदूरी करता था। जंगल तुलसीराम स्थित बिछिया ताड़ीखाना के पास पुलिया पर बैठे रमाकांत का संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गया। रमाकांत की बहन रुचन देवी भी बिछिया में किराये के मकान में रहती हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बिहार में रहते हैं।
भाई का शव गांव ले जाने के लिए बहन के पास रुपये नहीं थे। स्थानीय लोगों ने आपस में चंदा जुटाकर आर्थिक सहायता दी। पोस्टमार्टम के बाद बहन शव लेकर गांव चली गई।
शाहपुर थाना प्रभारी अंजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मजदूर की मौत नाले में गिरने से होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
