गुजरात के बनासकांठा ज़िले के वडगाम तालुका के डालवाणा गांव में एक भैंस ने दो सिर (मुंह) वाले बच्चे को जन्म दिया है। गांव के पशुपालक बाबूजी ठाकोर की भैंस ने इस बच्चे को जन्म दिया, जिसका शरीर एक है लेकिन दो मुंह हैं। ख़बर फैलने के बाद आसपास के गांवों से लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं। स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इसे 'कुदरत का चमत्कार' बता रहे हैं।
पशु चिकित्सक रमेश पटेल के अनुसार, इस मामले में किसी अंधविश्वास या अफ़वाह की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि गर्भ के विकास के दौरान, ख़ासकर गाय या भैंस में, 13वें या 14वें दिन कोशिकाओं का विभाजन होता है और यदि यह प्रक्रिया बीच में रुक जाए तो ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। उनके मुताबिक़, कोशिका विभाजन रुकने से दो बच्चे अलग होने के बजाय आपस में जुड़ गए और उनके दो मुंह हो गए। उन्होंने कहा कि यह कोई दैवीय चमत्कार नहीं है और ऐसी घटनाएं जानवरों के अलावा इंसानों में भी देखी जाती हैं।
गांधीनगर के सरकारी पशु अस्पताल के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जिगर कंसारा ने कहा कि कोशिका विभाजन के दौरान कोशिकाएं पूरी तरह अलग नहीं हो पाने पर दो सिर वाले जानवर पैदा होते हैं, जिसे वैज्ञानिक भाषा में 'डाइसेफेलिक हेड' कहा जाता है। उनके मुताबिक़, आनुवंशिक स्तर पर गुणसूत्रों के विभाजन में गड़बड़ी से ऐसी स्थिति पैदा होती है, हालांकि अब तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया जिसमें इसकी वजह कोई एक ख़ास जीन हो। उन्होंने बताया कि ऐसे ज़्यादातर मामलों में दो सिर वाले जानवर जन्म के कुछ ही समय बाद मर जाते हैं और बचने पर भी सामान्य जीवन नहीं जी पाते।
बच्चे के मालिक चंदाजी बाबूजी ठाकोर ने कहा कि बच्चे का जन्म सामान्य तरीके से हुआ था, लेकिन इसे देखकर वे हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि ख़बर फैलने के बाद खेरालू, विसनगर और पालनपुर जैसे दूर-दराज़ के इलाक़ों से भी लोग इसे देखने आ रहे हैं। उन्होंने इसे कुदरत का चमत्कार बताया।
