गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक डिफेंडर कार के चालक द्वारा डिवाइडर पर से गाड़ी कुदाकर लेन बदलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो बुधवार रात का बताया जा रहा है। पीछे चल रही दूसरी गाड़ी के चालक ने इसे इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया। वीडियो सेक्टर-54 रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास गोल्फ कोर्स रोड का बताया जा रहा है।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि डिफेंडर कार का चालक गोल्फ कोर्स रोड पर चलते हुए अचानक लेन बदल रहा है और इसके लिए गाड़ी को सड़क पर बने डिवाइडर के ऊपर से कुदा रहा है। यह स्टंटबाजी पीछे से आने वाले वाहनों के लिए जोखिम भरी हो सकती थी।

इसके अलावा एक अन्य वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है, जिसमें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक डिवाइडर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली काफी दूर तक चलाकर स्टंटबाजी करता दिखाई दे रहा है। गुरुग्राम पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।