गुरुग्राम के ईएसआईसी अस्पताल में एक महिला के ऑपरेशन के दौरान गर्भाशय में गाउन और तौलिया छूटने के मामले में 24 दिन बाद भी जांच शुरू नहीं हो सकी है। सीएमओ ने घटना के तुरंत बाद जांच कमेटी बनाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक यह सिर्फ कागजों तक सीमित है। अब सीएमओ ने फिर सात सदस्यीय कमेटी के गठन की बात कही है।

शीतला कॉलोनी निवासी मंजू पांच माह की गर्भवती थीं। गर्भस्थ शिशु की मौत के बाद परिजन उन्हें ईएसआईसी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकों ने दवा देकर शिशु को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन नाल बाहर नहीं निकलने पर ऑपरेशन करना पड़ा। इसके बाद भी महिला को रक्तस्राव होता रहा। हालत गंभीर होने पर उन्हें पार्क अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के दौरान मेडिकल बोर्ड को गर्भाशय के अंदर खून से सना गाउन और हाथ पोंछने वाला तौलिया मिला। इसके बाद उपचार में लापरवाही के आरोपों ने अस्पताल की चिकित्सकीय प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए। महिला के पति ने पुलिस को शिकायत देकर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है।

सीएमओ डॉ वीरेंद्र बसवाना ने कहा कि जांच कमेटी का गठन किया गया है और जल्द ही यह अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।