गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के नजदीक गांव सीही में नया बस टर्मिनल बनाया जाएगा। इसका ले-आउट प्लान फाइनल हो चुका है और अगले साल जनवरी में शिलान्यास किए जाने की संभावना है। टर्मिनल के लिए 15 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। इसके बनने से शहर के बीचोंबीच स्थित बस अड्डे पर आने-जाने वाली बसों के कारण आंतरिक सड़कों पर बढ़ रहे यातायात के दबाव और प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद है।
शहर से बाहर जाने वाली बसें नए टर्मिनल से कुछ ही मिनट में हाईवे पर पहुंच सकेंगी। यह स्थान गुरुग्राम और मानेसर के बीच तथा दिल्ली-जयपुर हाईवे के भी नजदीक है, जिससे बसों को आंतरिक सड़कों पर लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। टर्मिनल को अंतरराज्यीय बस अड्डे की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। शहर से बाहर जाने और आने वाली बसों की संख्या 400 से अधिक बताई जाती है।
परियोजना के तहत कहां क्या निर्माण होगा, इसकी टोपोग्राफी रिपोर्ट कंसल्टेंट से तैयार कराई जा चुकी है। टर्मिनल परिसर में बसों की पार्किंग के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों की पार्किंग और चार्जिंग सुविधा विकसित की जाएगी। टर्मिनल के बगल में कार्यशाला बनाई जाएगी।
बस टर्मिनल के नजदीक ही स्थायी हेलीपैड बनाने की योजना है। अभी शहर में अलग स्थायी हेलीपैड न होने के कारण वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग ताऊ देवीलाल स्टेडियम में कराई जाती है, जिससे कई बार स्टेडियम में खेल गतिविधियां प्रभावित होती हैं। हरियाणा के परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज के अनुसार साइबर सिटी को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बस टर्मिनल बनाने पर जोर दिया जाएगा और बेहतर टर्मिनल के लिए प्लानिंग में समय लग रहा है।
