गुरुग्राम जिला प्रशासन ने प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। अब ऐसे मामलों में केवल चालान नहीं, बल्कि सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी। डीसी उत्तम सिंह ने बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी ने कहा कि गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) गंभीर हैं, इसलिए सभी विभागों को ग्रैप के प्रतिबंधों का सख्ती से पालन कराना होगा। कूड़ा जलाने, औद्योगिक कचरा खुले में फेंकने, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) मलबा डालने और बिना ढके निर्माण सामग्री ले जाने जैसे मामलों में नियमित निरीक्षण कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी खुद कूड़ा जलाता पाया गया तो उसके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी होगी। अधिकारियों को अगले 15 दिनों में इसका असर जमीन पर दिखाई देने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एचएसआईआईडीसी, डीटीपी तथा नगर निगम गुरुग्राम और मानेसर के अधिकारियों को फील्ड में सक्रियता बढ़ाने और प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने को कहा गया है। मीडिया और इंटरनेट मीडिया पर सामने आने वाली शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेने के निर्देश भी दिए गए। सभी विभागों को अपनी कार्रवाई की रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में डीसी कार्यालय भेजनी होगी। बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, एसीपी सत्यपाल यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।