हापुड़ के एक युवक को इंग्लैंड में पढ़ाई का झांसा देकर 10 लाख रुपये ठगने और उसके नाम पर करीब 40 लाख रुपये का शिक्षा ऋण स्वीकृत कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपितों समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के गांव गंदूनंगला निवासी सत्यम सिंह ने पुलिस में बताया कि दिसंबर 2024 में उनकी मुलाकात थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव अकड़ौली निवासी अभिनव सिद्धू से हुई थी। अभिनव ने उन्हें इंग्लैंड स्टडी वीजा पर भेजने का झांसा देकर करीब 16 लाख रुपये खर्च बताया। सत्यम ने रिश्तेदार के माध्यम से 10 लाख रुपये दे दिए और पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा दसवीं और 12वीं की अंकतालिकाओं समेत अन्य दस्तावेज सौंप दिए।
आरोप है कि महीनों टालमटोल के बाद अभिनव ने रूस का पर्यटक वीजा बनवाया और वहां से इंग्लैंड भेजने का भरोसा दिया। सत्यम रूस पहुंचे तो उन्हें ठगी का संदेह हुआ और वे अपने खर्च पर भारत लौट आए। इसके बाद भी आरोपित ने इंग्लैंड भेजने का झांसा देकर उनके नाम पर क्रेडिला फाइनेंस लिमिटेड से करीब 40 लाख रुपये का शिक्षा ऋण स्वीकृत करा दिया। आरोप है कि ऋण प्रक्रिया में उनके नाम से एचएसबीसी बैंक में खाता खुलवाया गया, लेकिन उसमें उनका मोबाइल नंबर दर्ज करने के बजाय आरोपितों ने अपना नंबर लगवा दिया और ई-मेल आईडी का संचालन भी वे ही करते रहे। अब इस ऋण की किस्त के रूप में उनके पिता के बैंक खाते से करीब पांच हजार रुपये प्रतिमाह काटे जा रहे हैं।
सत्यम ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के रुद्रपुर निवासी चरणप्रीत बाजवा भी इस मामले में शामिल है। उनके माध्यम से उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में खाता खुलवाकर इंग्लैंड की फीस के नाम पर करीब आठ लाख रुपये जमा कराए गए, जिनमें से 6.30 लाख रुपये वापस मिले, जबकि करीब 1.70 लाख रुपये अभी बकाया हैं। बाद में पता चला कि उनके नाम से 10वीं, 12वीं और स्नातक की फर्जी शैक्षिक अंकतालिकाएं भी तैयार कराई गई हैं। पीड़ित ने पहले पुलिस अधीक्षक हापुड़ को शिकायत दी, जिसके बाद साइबर अपराध शाखा से जांच कराई गई। सत्यम का आरोप है कि जांच के दौरान समझौता कराया गया और चरणप्रीत बाजवा ने धोखाधड़ी स्वीकार की, लेकिन अभिनव ने रकम वापस नहीं की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। इसके बाद उन्होंने डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र से न्याय की गुहार लगाई। एसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अभिनव सिद्धू, चरणप्रीत बाजवा समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
