सऊदी अरब में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर इंडिगो ने 30 नवंबर तक जेद्दा, मदीना, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को बुकिंग के दौरान दिए गए संपर्क विवरण के जरिए जानकारी दी जा रही है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इंडिगो ने कहा कि वह क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों का आकलन कर रही है। एयरलाइन ने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।

दरअसल, सऊदी अरब में हाल के दिनों में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ी हैं। देश के विभिन्न शहरों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमलों की धमकियों के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसके मद्देनजर विमानन कंपनियां अपनी उड़ानों के संचालन की समीक्षा कर रही हैं और कई एयरलाइंस ने सेवाएं स्थगित करने या शेड्यूल में बदलाव का फैसला लिया है।

इंडिगो के अलावा अन्य भारतीय एयरलाइंस ने भी सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों में बदलाव किया है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद और दम्माम के लिए अपनी सेवाएं 30 नवंबर तक स्थगित कर दी हैं, जबकि जेद्दा के लिए उनकी उड़ानें अलग-अलग समयसीमा के तहत प्रभावित हैं। इसी तरह अकासा एयर ने भी जेद्दा और रियाद के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन नवंबर के अंत तक बढ़ा दिया है।