फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए देश के प्रसिद्ध फास्ट-फूड ब्रांड 'जॉलीबी' का फ्राइड चिकन मंगवाया। मार्कोस ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में ट्रंप के साथ अपनी मुलाकात के दौरान यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति के पास समय की कमी को देखते हुए यह इंतजाम पिछली रात ही कर दिया गया था।
मार्कोस ने ट्रंप से कहा कि चूंकि उनके पास समय कम है, इसलिए उन्होंने सोचा कि उन्हें मनीला का थोड़ा स्वाद चखाया जाए। इसी वजह से उन्होंने अपने स्टाफ से कहा कि ट्रंप और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए देर रात के स्नैक के तौर पर जॉलीबी मंगवा दिया जाए।
मार्कोस ने बताया कि जॉलीबी फिलीपींस की बेहद लोकप्रिय चेन है और इसका फ्राइड चिकन यहां की खास चीजों में से एक है। समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, उन्होंने अमेरिका में इस ब्रांड की बढ़ती लोकप्रियता का भी जिक्र किया और कहा कि लोकप्रियता के मामले में जॉलीबी ने अमेरिका में केएफसी को भी पीछे छोड़ दिया है। इस पर ट्रंप ने कहा, 'वाह! बहुत बढ़िया।'
मार्कोस ने आगे कहा कि इससे ट्रंप को मनीला का थोड़ा स्वाद मिल जाएगा और उन्हें उम्मीद है कि उनके कुछ स्टाफ सदस्य भी इसमें शामिल हुए होंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप बहुत कड़ी मेहनत कर रहे हैं, इसलिए इसे उस काम के लिए अतिरिक्त ऊर्जा के रूप में देखा जाए जो उन्होंने किया है और जो उनके सामने है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने वास्तव में उस फ्राइड चिकन का स्वाद चखा या नहीं।
