अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में इस बार दुनिया की सबसे छोटी नस्ल की गायें लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। खासतौर पर दक्षिण भारत की दुर्लभ पुंगनूर नस्ल की नन्ही गाय को देखने के लिए मेले में भारी भीड़ जुट रही है। अपने बेहद छोटे कद और प्यारे रूप की वजह से यह गाय बच्चों से लेकर बड़ों तक सबका ध्यान खींच रही है।
पुंगनूर को दुनिया की सबसे छोटी गायों की नस्ल माना जाता है। इसकी ऊंचाई आमतौर पर 2 से 3.5 फीट (70 से 90 सेंटीमीटर) के आसपास होती है, हालांकि कुछ बेहद छोटी पुंगनूर गायें महज 14 इंच तक की भी होती हैं। इसका वजन 115 से 200 किलो के बीच रहता है। छोटे पैर, चौड़ा माथा और छोटे सींग इस गाय को खास बनाते हैं। इसकी पूंछ शरीर के मुकाबले काफी लंबी होती है, जो लगभग जमीन को छूती है। यह सफेद, हल्के भूरे, गहरे भूरे या लाल रंग की होती है और कई गायों के शरीर पर दूसरे रंग के धब्बे भी दिखते हैं।
दूसरी गायों के मुकाबले इसे पालना आसान और सस्ता है। इसे बहुत कम जगह की जरूरत होती है और यह रोजाना सिर्फ 5 किलो सामान्य हरा चारा और खाखला खाकर रह लेती है। दूध के मामले में भी यह गाय किसी से कम नहीं है। यह रोजाना औसतन 1 से 3.5 लीटर और अच्छी खुराक मिलने पर 5 लीटर तक दूध देती है। आंध्र प्रदेश पशुपालन विभाग के मुताबिक, यह एक ब्यांत में करीब 1,100 किलो दूध दे सकती है। इसके दूध में सामान्य गायों के मुकाबले दोगुना यानी 5.4 से 8 प्रतिशत तक फैट होता है। यह A2 कैटेगरी का दूध है, जो पचने में आसान और सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इन नन्ही गायों के वीडियो सामने आने के बाद से देशभर में इनकी मांग तेजी से बढ़ी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बाजार में पुंगनूर गाय की कीमत उसकी उम्र, नस्ल की शुद्धता और गर्भित होने के हिसाब से 1 लाख से 10 लाख रुपये या उससे भी ज्यादा तक जाती है। एक सामान्य पुंगनूर गाय 50 हजार से 2.5 लाख रुपये तक मिल जाती है, जबकि शुद्ध नस्ल की गर्भित गाय 3 लाख से 10 लाख रुपये तक बिकती है। इसकी छोटी बछिया 40 हजार से 1 लाख रुपये के बीच आती है। मेले में 15 से 20 इंच ऊंची मिनी माउस गाय और 25 से 28 इंच ऊंची विचूर नस्ल की गाय भी लोगों को खूब लुभा रही हैं। जयपुर के पशुपालक अभिनव तिवारी इन दुर्लभ नस्लों की करीब 15 गायों को लेकर पुष्कर मेले में आए हैं। अभिनव ने बताया कि उनका मकसद इन गायों को यहां बेचना नहीं, बल्कि लोगों को इन खास भारतीय नस्लों के बारे में जागरूक करना है। उनके फार्म पर ऐसी 50 से ज्यादा गायें हैं। अगर मेले में किसी को कोई गाय पसंद आती है, तो वह यहां बुकिंग कर सकता है, जिसके बाद फार्म से गाय दे दी जाती है।
