आज स्मार्टफोन की स्क्रीन पर टच करके नंबर डायल किया जाता है, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब कॉल करने के लिए फोन के गोल डायल को उंगली से घुमाना पड़ता था। टेलीफोन में नंबर डायल करने की इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पुश-बटन यानी बटन वाले फोन्स की शुरुआत हुई। 18 नवंबर 1963 को अमेरिका में पहली बार कमर्शियल टच-टोन पुश-बटन टेलीफोन सेवा शुरू की गई थी, जिसने नंबर डायल करने का तरीका ही बदल दिया। आगे चलकर एडवांस टेलीफोन में कीपैड देखने को मिलने लगा।
जानकारी के मुताबिक, अमेरिका में Bell System ने 18 नवंबर 1963 को पहली बार कमर्शियल टच-टोन टेलीफोन सेवा शुरू की थी। इसकी शुरुआत पेंसिल्वेनिया के दो शहरों कार्नेगी और ग्रीन्सबर्ग से हुई थी। इस टेक्नोलॉजी को Bell Laboratories ने तैयार किया था, जबकि फोन को Western Electric ने बनाया था। शुरुआत में यह सुविधा लिमिटेड ग्राहकों के लिए उपलब्ध थी और इसके लिए नॉर्मल टेलीफोन सेवा के मुकाबले एक्स्ट्रा शुल्क देना पड़ता था।
पुराने रोटरी डायल फोन्स में किसी नंबर को डायल करने के लिए गोल डायल को घुमाना पड़ता था। इसमें हर नंबर के हिसाब से डायल को घुमाने और फिर उसके वापस आने का इंतजार करना पड़ता था। वहीं, पुश-बटन फोन्स में यूजर सीधे किसी भी बटन को दबाकर नंबर डायल कर सकते थे।
इसमें DTMF यानी Dual-Tone Multi-Frequency टेक्नोलॉजी का यूज किया गया था। इस टेक्नोलॉजी के तहत हर बटन दबाने पर दो अलग-अलग फ्रीक्वेंसी वाली आवाजें बनती थीं। टेलीफोन एक्सचेंज इन आवाजों को पहचानकर संबंधित नंबर तक कॉल कनेक्ट कर देता था। इससे नंबर डायल करना पहले के मुकाबले काफी तेज और आसान हो गया था।
