हरदोई में बघौली-प्रतापनगर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर 75 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए, लेकिन निर्माण पूरा होने के करीब डेढ़ साल बाद ही सड़क की हालत खराब हो गई है। कई जगह डामर की परत उखड़ चुकी है और गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर सेंटर और एज लाइन स्पष्ट न होने से रात, बारिश और कोहरे में दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। पेराई सत्र में ओवरलोड गन्ना ट्रकों की आवाजाही से यह आशंका और बढ़ जाती है।

सांडी विधायक भी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठा चुके हैं। हिंदुस्तान पेट्रोल पंप से डबल नहर और ढोली गांव के आसपास मार्ग अधिक खराब बताया गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार गड्ढों से आवागमन मुश्किल हो गया है और मार्ग पर आए दिन हादसे होते हैं। लोगों ने गुणवत्ता जांच, क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थायी मरम्मत, सेंटर व एज लाइन और सुरक्षा इंतजाम की मांग की है।

मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया दिसंबर 2022 में तैयार डीपीआर के बाद शुरू हुई थी। जुलाई 2023 में निर्माण के लिए 75 करोड़ 27 लाख 12 हजार रुपये स्वीकृत हुए। पहली किस्त के रूप में 17 करोड़ 27 लाख 56 हजार रुपये और अप्रैल 2024 में दूसरी किस्त के तौर पर 20 करोड़ रुपये जारी किए गए। वर्ष 2017 में मरम्मत के बाद 2019 में ही सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे और जून 2021 में व्यापारियों और किसानों ने गड्ढों में धान की पौध रोपकर विरोध जताया था।

लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड सुरसा के अधिशासी अभियंता मुरलीधर गंगवार ने कहा कि मार्ग के कुछ हिस्से इस बार हुई मूसलाधार बारिश से खराब हुए थे और वहां हाल ही में पैचिंग वर्क कराया गया है। शिकायत मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाएगा। इधर, सुरसा के दो संपर्क मार्ग भी बदहाल बताए गए हैं। सुरसा से खुटेहना तक करीब तीन किलोमीटर सड़क जगह-जगह उखड़ी है, जबकि सरसैया मोड़ से बहरैया गांव तक करीब दो किलोमीटर मार्ग भी जर्जर है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।