हिमाचल प्रदेश विधानसभा में हिमाचल प्रदेश जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) विधेयक 2026 ध्वनिमत से पारित कर दिया गया है। उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम व रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान की ओर से यह विधेयक सदन के सत्र में लाया गया। विधेयक के तहत छोटे और तकनीकी उल्लंघनों पर जेल की सजा के प्रावधान हटाकर जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

सरकार के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और कारोबारियों के लिए अनुपालन का बोझ कम करना, अदालतों में लंबित मुकदमों का दबाव घटाना और ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन’ की अवधारणा को मजबूत करना है। विधेयक के जरिए कृषि, पशुपालन, परिवहन, भूगर्भ जल और शहरी प्रबंधन से जुड़े 16 अधिनियमों के पुराने दंडात्मक प्रविधानों को तर्कसंगत बनाया गया है।

ईंट (नियंत्रण) अधिनियम, 1969 में 25,000 से 2,00,000 रुपये तक आर्थिक दंड व लाइसेंस कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। भूगर्भ जल अधिनियम, 2005 में 10,000 से 1,00,000 रुपये तक आर्थिक दंड व एनओसी, परमिट कार्रवाई तथा खुले स्थान विद्रूपता निवारण अधिनियम, 1985 में अवैध विज्ञापन पर 10,000 से 50,000 रुपये सिविल आर्थिक दंड व हटाने का खर्च वसूला जाएगा।

ग्राम व लघु नगर गश्त अधिनियम, 1964, गंदी बस्ती क्षेत्र अधिनियम, 1979 और स्लम वासी अधिनियम, 2022 में भी सिविल आर्थिक दंड व गंभीर मामलों में सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। जानबूझकर किए गए अपराधों, कपट या धोखाधड़ी तथा लोक सुरक्षा को खतरे में डालने वाले मामलों में सख्त दंड और कारावास के प्रावधान यथावत रखे गए हैं।