एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय महिला टीम ने रविवार को थाईलैंड को 7-0 के बड़े अंतर से हराकर जीत की हैट्रिक पूरी की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर कब्जा कर लिया है।
मैच में भारत की ओर से दीपिका ने हैट्रिक लगाई, जबकि नवनीत कौर ने दो गोल किए। पहले क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए तीन गोल दागे। नवनीत कौर ने पहला गोल किया और इसके बाद दीपिका ने लगातार दो गोल किए। पहले क्वार्टर में भारत को छह पेनाल्टी कॉर्नर मिले।
दूसरे क्वार्टर में भारत के लिए एकमात्र गोल मुमताज खान ने किया। तीसरे क्वार्टर में सुनेलिता टोप्पो ने गोल कर भारत की बढ़त 5-0 की। आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम ने एक बार फिर आक्रामक खेल दिखाया, जिसमें दीपिका ने एक और नवनीत ने एक गोल किया। थाईलैंड की टीम को मैच में एक भी पेनाल्टी कॉर्नर नहीं मिला।
टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने अपने पहले मुकाबले में मलेशिया को 4-1 से और इसके बाद कोरिया को 2-1 से हराया था। भारतीय टीम 24 नवंबर को चीन से अपना अगला मुकाबला खेलेगी।
