हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के राफेल और ऑपरेशन सिंदूर पर दिए बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा नेताओं ने इस टिप्पणी को शर्मनाक और सेना के शौर्य का अपमान बताया है तथा माफी की मांग की है। साथ ही राज्य सरकार से स्पष्ट करने को कहा है कि क्या यह बयान सरकार का आधिकारिक रुख है।

धर्मशाला/शिमला। हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के राफेल और ऑपरेशन सिंदूर पर दिए बयान से राजनीति गरमा गई है। नेगी ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के बजाय भारत के छक्के छूटने की बात कही है। भाजपा नेताओं ने इस टिप्पणी को शर्मनाक और सेना के शौर्य का अपमान बताया है।

हिमाचल भाजपा नेता एवं राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन ने कहा कि कांग्रेस के मंत्री बताएं कि पाकिस्तान की भाषा बोलकर किसे खुश करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा पर राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुंदरनगर से भाजपा विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि जगत सिंह नेगी को इस बयान के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए और प्रदेश सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या नेगी की यह टिप्पणी सरकार का आधिकारिक रुख है। जम्वाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने देश की सेना तक को नहीं छोड़ा है और वे राफेल व ऑपरेशन सिंदूर जैसे संवेदनशील मुद्दों पर टिप्पणी कर रहे हैं। विधायक के अनुसार, सैनिकों का हौसला पस्त करने वाले ऐसे बयानों के लिए 140 करोड़ जनता से माफी मांगी जानी चाहिए।

राकेश जम्वाल ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर केवल कर्ज लेने और कर लगाने तक सीमित रह गई है तथा प्रदेश की संपत्तियों को बेचने का काम कर रही है।