कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री वीरप्पा मोइली ने कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चल रही जांच रोक दी गई थी। मोइली के मुताबिक यह फैसला तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की वजह से नहीं, बल्कि पार्टी के अन्य नेताओं के कहने पर हुआ। उन्होंने कहा कि पार्टी अब इस फैसले की कीमत चुका रही है। मोइली ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह किस मामले की जांच थी और न ही जांच रुकवाने वाले नेताओं के नाम बताए। उन्होंने केवल इतना कहा कि यह घटना तब हुई जब वह केंद्रीय कानून मंत्री थे। मोइली के इस बयान पर भाजपा की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

मोइली ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़ी जांच का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि शाह के जेल जाने के बाद नरेंद्र मोदी की बारी थी और मोदी को भी जेल जाना पड़ता तथा उन्हें राज्य से बाहर निकाल दिया जाता। मोइली ने कहा कि कोर्ट ने शाह को उनके गृह राज्य से बाहर कर दिया था और मामला दूसरे राज्य में ट्रांसफर कर दिया गया था।

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में कारोबार शुरू करने वाली कंपनियों को स्थानीय युवाओं को रोजगार देना होगा। उन्होंने साफ किया कि उनकी सरकार बाहर के लोगों को नौकरी पर रखने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं करेगी।