यमन के हूती लड़ाकों ने गुरुवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर मिसाइल हमला किया, जिसमें शहर की 80 मंजिलों वाली सबसे ऊंची इमारत पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीआईएफ) मुख्यालय को भारी नुकसान पहुंचा है। रॉयटर की खबर के मुताबिक, इस हमले में बिल्डिंग की सात-आठ मंजिलें तबाह हो गई हैं। किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित इस इमारत के आसपास के भवनों को भी नुकसान हुआ है और वहां आग लग गई है।

सऊदी अरब ने हमले की पुष्टि की है, लेकिन किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी है। बताया गया है कि मिसाइल तेज आवाज के साथ इमारत से टकराई, जिससे पूरी राजधानी दहल गई। बुधवार-गुरुवार रात हुए इस हमले के बाद इलाके में आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। रियाद प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। इससे पहले आठ नवंबर को हूती ने इलाके में स्थित तेल कंपनी अरामको के कॉर्पोरेट दफ्तर को निशाना बनाया था।

दूसरी ओर, हूती का कहना है कि सऊदी अरब ने गुरुवार रात यमन की राजधानी सना पर बमबारी की, जिसमें कई लोग मारे गए और घायल हुए हैं। इन हमलों के बीच सऊदी अधिकारियों ने कहा है कि यमन में लड़ाई कई महीनों तक और चल सकती है, जिसका असर सऊदी अरब पर भी पड़ेगा। नाम सार्वजनिक न करते हुए अधिकारियों ने कहा कि अगर अमेरिका इस लड़ाई में हस्तक्षेप करे तो हालात बदल सकते हैं और जल्द शांति स्थापित हो सकती है, लेकिन ईरान के बाद यमन के संघर्ष में फंसना अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को उचित नहीं लग रहा है।

हूती के हमलों के बावजूद सऊदी अरब का तेल निर्यात बढ़ा है। सितंबर के आंकड़ों के मुताबिक, यह पिछले सात महीनों के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है, जब सऊदी अरब से प्रतिदिन 50 लाख बैरल से ज्यादा कच्चे तेल का निर्यात हुआ। इसी का असर है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल का मूल्य 100 डॉलर प्रति बैरल से कम बना हुआ है।