भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शुक्रवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। शिकागो यूनिवर्सिटी में दिए गए राहुल गांधी के बयानों को लेकर भंडारी ने उन्हें 'पाकिस्तान का फैन बॉय' करार दिया।
शिकागो यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने तर्क दिया था कि वैश्विक चर्चाओं में भारत की भूमिका अधिक सक्रिय होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने चिंता जताई थी कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत अब केवल एक 'गौण खिलाड़ी' बनकर रह गया है। गांधी ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में पाकिस्तान की भूमिका का भी जिक्र किया था।
प्रदीप भंडारी ने पलटवार करते हुए कहा कि रूस और यूक्रेन ने शांति प्रयासों में भारत की भूमिका को स्वीकार किया है और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच ईरान ने भारतीय झंडे वाले जहाजों के लिए 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' से जुड़ी पाबंदियों में छूट दी है। भंडारी ने एक्स पर लिखा कि राहुल गांधी हर वैश्विक मंच पर 'पाकिस्तान फैन बॉय' की तरह बर्ताव करते हैं और उन्होंने विदेश नीति के मामले में पाकिस्तान को अपना आदर्श बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के प्रति इसी लगाव के कारण यूपीए सरकार ने शर्म अल-शेख में भारत की संप्रभुता से समझौता किया और 26/11 के आतंकी हमले के बाद भी पाकिस्तान पर कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की।
इस बीच, पाकिस्तान के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा था कि भारत ऐसी स्थिति को स्वीकार नहीं कर सकता जहां निर्दोष लोग मारे जा रहे हों। उन्होंने कहा था कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच किसी भी तरह की बातचीत के लिए यह जरूरी है कि पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देना और उसे बढ़ावा देना बंद करे। उन्होंने कहा था कि जिस पल यह समर्थन बंद हो जाएगा, उसी पल बातचीत शुरू होने की संभावना बन सकती है।