जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की जांच में एक अहम सुराग पर चीन की ओर से कोई जवाब नहीं आया है। जम्मू की विशेष अदालत ने मार्च में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को हमले की रेकी में इस्तेमाल किए गए 'गो-प्रो हीरो' 12 कैमरे के खरीदार और अंतिम उपयोगकर्ता का पता लगाने के लिए चीन से न्यायिक सहायता मांगने की अनुमति दी थी। एनआईए के शीर्ष सूत्रों के अनुसार, चीन ने मांगी गई जानकारी पर अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। एजेंसी के पास इस कैमरे के इस्तेमाल को लेकर पर्याप्त फोरेंसिक सबूत मौजूद हैं।

जांच में सामने आया था कि पहलगाम हमले से पहले उस इलाके की विस्तृत रेकी की गई थी। इसके लिए 'गो-प्रो हीरो' 12 ब्लैक कैमरा, जिसका सीरियल नंबर C3501325471706 है, का इस्तेमाल किया गया। इससे सुरक्षा बलों की मूवमेंट, स्थानीय लोगों की आवाजाही और ट्रांसपोर्ट की स्थिति जैसी अहम जानकारी जुटाई गई थी। यह रेकी आतंकवादी मॉड्यूल का हिस्सा थी और कैमरे का कई बार इस्तेमाल किया गया।

एनआईए ने कैमरे की तह तक पहुंचने के लिए चीन के सक्षम न्यायिक प्राधिकरण को लेटर रोगेटरी (एलआर) जारी करने की अनुमति मांगी थी। एलआर के जरिए किसी मामले की जांच से जुड़ी जानकारी के लिए एक देश की न्यायिक व्यवस्था से दूसरे देश को औपचारिक अनुरोध किया जाता है। एनआईए ने पहले कैमरे के निर्माता गो प्रो बीवी से जानकारी मांगी थी, जिसने बताया था कि यह कैमरा चीन स्थित वितरक एई ग्रुप इंटरनेशनल लिमिटेड को सप्लाई किया गया था। एनआईए के मुताबिक, 30 जनवरी 2024 को चीन के डोंगगुआन में यह कैमरा एक्टिव हुआ था। गो प्रो बीवी ने जांच एजेंसी को बताया कि उसके पास कैमरे के लेन-देन संबंधी विवरण या अंतिम उपयोगकर्ता का रिकॉर्ड नहीं है।

भारत और चीन के बीच पारस्परिक कानूनी सहायता संधि (एमएलएटी) जैसा कोई समझौता नहीं होने से आगे भी इस तरह की जानकारी मिलने पर संशय है। सूत्रों के अनुसार, एनआईए इस मामले में संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध विरोधी कन्वेंशन (यूएनटीओसी) के तहत सहायता ले सकती है, लेकिन यह एक लंबी प्रक्रिया है। गत वर्ष एनआईए ने इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा/द रेजिस्टेंस फ्रंट के सदस्य और पाकिस्तानी हैंडलर आतंकवादी साजिद जट्ट का नाम भी शामिल है। आरोपपत्र में पाकिस्तान की साजिश, आरोपियों की भूमिका और सहायक सबूतों का विस्तृत विवरण दिया गया है। इसमें उन तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के नाम भी हैं, जो हमले के कुछ हफ्तों बाद जुलाई 2025 में श्रीनगर के दाचीगाम में ऑपरेशन महादेव के दौरान भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा मारे गए थे। इस हमले में 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक की मौत हुई थी।