अमेरिका के अल्बुकर्क में 31 अक्टूबर को हैलोवीन पार्टी के दौरान तेज संगीत को लेकर पड़ोसियों के बीच हुए झगड़े के बाद एक 10 साल के बच्चे ने किशोर पड़ोसी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस द्वारा जारी होम सिक्योरिटी फुटेज में दिखता है कि दो महिलाओं के बीच बहस हाथापाई में बदल गई और इसी दौरान 10 साल का लड़का घर से हैंडगन लेकर बाहर आया और किशोर कीनरलीन प्लाजा रेंजेल पर गोली चला दी।

रिपोर्ट के मुताबिक, 40 वर्षीय इलायना गोमेज-विलेडा अपने पड़ोसियों से तेज संगीत को लेकर बहस कर रही थीं। बहस के दौरान महिलाएं एक-दूसरे के बाल खींचने और घूंसे मारने लगीं। गोमेज-विलेडा का बेटा झगड़े में शामिल होकर पड़ोसियों में से एक को पीटकर घर के अंदर लौट जाता है और फिर दोनों हाथों में बंदूक पकड़े वापस आता है। वीडियो में दिखता है कि लड़का पहले गोली चलाने की कोशिश करता है, लेकिन फायर नहीं होती; कुछ सेकंड बाद वह दोबारा निशाना साधता है और गोली चला देता है। गोली लगने के बाद रेंजेल गिर जाता है और उसकी मौत हो जाती है।

मां गोमेज-विलेडा पर मर्डर, चाइल्ड एब्यूज और माइनर को अपराध की ओर प्रेरित करने के आरोप लगाए गए हैं। अभियोजन पक्ष ने उन्हें जेल में रखने की मांग की है। उम्र कम होने के कारण 10 साल के लड़के पर अभी कोई आरोप नहीं लगाया गया है और पुलिस तथा जिला अटॉर्नी ऑफिस यह तय करेंगे कि उसके खिलाफ क्या कार्रवाई संभव है।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चे का इरादा क्या था और बंदूक कैसे मिली। जानकारी न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट पर आधारित है।