रियाद (रॉयटर)। सऊदी अरब ने शुक्रवार को हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले यमन के होदेदा बंदरगाह पर हवाई हमला किया, जिससे बंदरगाह को भारी नुकसान पहुंचा। इस हमले से पहले हूती लड़ाकों ने दुनिया भर की एयरलाइन कंपनियों से सऊदी अरब के आकाश से दूर रहने की चेतावनी दी थी। उनका कहना था कि हवाई हमलों के दौरान अनजाने में यात्री विमान भी निशाना बन सकते हैं, इसलिए सऊदी अरब के लिए उड़ानें स्थगित रखी जाएं।

इस चेतावनी के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा के लिए अपनी उड़ानों पर रोक 24 नवंबर तक बढ़ा दी है, जबकि रियाद और अन्य शहरों के लिए दोनों कंपनियों ने 30 नवंबर तक उड़ानें स्थगित रखी हैं।

सऊदी अरब ने यह हमला हूती द्वारा रियाद की सबसे ऊंची इमारत पीआईएफ टावर पर किए गए हमले के एक दिन बाद किया। हूती के नियंत्रण वाले क्षेत्र का होदेदा सबसे महत्वपूर्ण बंदरगाह है, जहां से उन्हें जरूरत का सामान मिलता है और तेल तथा अन्य माल अन्य देशों को भेजा जाता है। सऊदी अरब का कहना है कि बंदरगाह पर हमले से हूती को मिलने वाली सैन्य मदद रुक जाएगी, जिसका असर उनकी हमले की क्षमता पर पड़ेगा। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बंदरगाह समेत सभी संवेदनशील क्षेत्रों से आम लोगों को हट जाने की चेतावनी दी है।

दूसरी ओर, हूती का दावा है कि सऊदी हमले से बंदरगाह को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ और माल की आवाजाही जारी है। इस बीच खबर है कि हूती लड़ाके सऊदी अरब समर्थित यमन सरकार की राजधानी अदन के और करीब पहुंच गए हैं, जबकि बड़े शहर तैज को भी उन्होंने घेर रखा है। दोनों जगह लड़ाई जारी है। एयरलाइन कंपनियों की तरह हूती ने शिपिंग कंपनियों से भी सऊदी बंदरगाहों से जहाजों और टैंकरों की आवाजाही रोकने को कहा है। उनका दावा है कि आने वाले दिनों में सऊदी बंदरगाहों पर बड़े हमले होंगे, इसलिए कंपनियां सुरक्षा के लिहाज से सऊदी अरब के लिए माल की आपूर्ति और वहां से माल लाने की गतिविधि रोक दें। हूती के प्रवक्ता याह्या सारी ने आम लोगों और कर्मचारियों से लाल सागर पर बने सऊदी अरब के सभी बंदरगाहों को तत्काल छोड़ने के लिए कहा है।